प्रतापगढ़। मांधाता थाना क्षेत्र के हैंसी बाजार में इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीन एम्पलीफायर, छह 15 इंच के स्पीकर, दो मिक्सर, 57 ट्वीटर और एक डिस्ट्रीब्यूटर बरामद किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी मिले हैं।
हैंसी बाजार निवासी विपुल पटेल की दुकान में 26/27 सितंबर की रात चोरी हुई थी। दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने की शिकायत पर मांधाता थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांधाता थाने के उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा और उपनिरीक्षक अनूप यादव पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मिश्रपुर जाने वाले रास्ते पर संत निरंकारी आश्रम के आगे से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अनुपम पटेल (20) निवासी परसरामपुर, आदित्य यादव (18) निवासी शोभीपुर और सौरभ पटेल (19) निवासी परसरामपुर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर उनके एक साथी के खपरैल के घर से चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया। बरामद सामान की पहचान दुकान मालिक विपुल पटेल ने की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रभात वर्मा, उपनिरीक्षक अनूप यादव, हेड कांस्टेबल रविशंकर यादव, कांस्टेबल ज्वाला सिंह और सर्वेश पांडेय शामिल रहे। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी अमित चौरसिया के नेतृत्व में टीम ने भी सहयोग किया। पुलिस अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें