अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली में नवप्रवेशित एमबीबीएस बैच 2026 के विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट पिन-अप समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों की चिकित्सा शिक्षा यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जो चिकित्सा के महान एवं सेवाभावी पेशे के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के एकत्रीकरण के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) अमिता जैन का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वंदे मातरम्, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के माध्यम से शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट पिन-अप समारोह तथा संस्थान की शपथ ग्रहण प्रक्रिया रही, जिसका संचालन डीन (अकादमिक) डॉ. नीरज कुमारी ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नैतिक चिकित्सा अभ्यास, आजीवन सीखने, रोगियों के प्रति सम्मान तथा व्यावसायिक आचरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
एम्स रायबरेली के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. आर. वी. रमानी ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा बनाए रखने तथा देश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन एसोसिएट डीन (अकादमिक) डॉ. तरुण प्रकाश माहेश्वरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर विभागाध्यक्षों, उप निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह वित्तीय सलाहकार कर्नल यब एन राय, कुलसचिव डॉ. संजय यादव, अपर चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. नीरज कप. श्रीवास्तव तथा संस्थान के संकाय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही
व्हाइट कोट पिन-अप समारोह संस्थान की उस प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है, जिसके अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ व्यावसायिक मूल्यों, नैतिकता एवं समाज के प्रति समर्पित सेवा की भावना का विकास किया जाता है।

एक टिप्पणी भेजें