संसू, गुरौली (कौशांबी)। प्रधानमंत्री आवास की मांग करने वाले दो ग्रामीणों को अपात्र बताने के मामले में जांच की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। ग्राम पंचायत बिदांव निवासी दिनेश सिंह पुत्र ननकू सिंह और चंद्रपाल सिंह पुत्र बचान सिंह ने तीन अगस्त को प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव रामभवन ने मौके पर जांच किए बिना ही दोनों को अपात्र करार देते हुए रिपोर्ट लगा दी। मामले में जांच शुरू हो गई है।

इस संबंध में पीड़ितों ने शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर से की। उनके निर्देश पर मंडल अध्यक्ष म्योहर भैयालाल गौतम ने जांच करके रिपोर्ट दी, जिसमें सचिव की रिपोर्ट को गलत बताते हुए दोनों ग्रामीणों को पात्र बताया गया। मामला जिलाधिकारी तक पहुंचा। उन्होंने सीडीओ को जांच के निर्देश दिए।