प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के मामले में वांछित एक आरोपित को प्रयागराज के करनलगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को एक कमरे से पकड़ा और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित मो. सहबाज अहमद (24) पुत्र मो. शकील अहमद, निवासी ग्राम बारौती, थाना पट्टी, प्रतापगढ़ है। वह आसपुर देवसरा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 226/2026 में वांछित था। मुकदमे में बीएनएस की धारा 87, 61(2), 351(3) और 64 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान रामबाग, प्रयागराज स्थित शक्ति होटल से प्राप्त साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 29 सितंबर को करनलगंज थाना क्षेत्र के सादिया मोहल्ले में स्थित एक कमरे से आरोपित को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में एएसपी पूर्वी आलोक कुमार और सीओ पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल राम प्रकाश यादव और नीरज पटेल शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें