मंडल स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता-2026 में रायबरेली जनपद की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न विधाओं में स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में रायबरेली की छात्राओं ने लखनऊ मंडल के विभिन्न जनपदों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक पुरस्कार पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायबरेली की छात्राओं की झोली में आए।
राजकीय हाई स्कूल, रोझइया भीखमशाह की लोक नृत्य समूह की छात्राओं लक्ष्मी प्रिया, विशाली एवं खुशबू ने मण्डल में प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया ये छात्राएं राज्य स्तरीय कला उत्सव प्रतियोगिता में लखनऊ मण्डल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायबरेली की छात्राओं ने सभी विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर स्थान प्राप्त किया। एकल शास्त्रीय नृत्य में समृद्धि ने द्वितीय स्थान, एकल अवनद्ध वादन में साक्षी शर्मा ने द्वितीय स्थान तथा एकल शास्त्रीय गायन में जिकरा फातिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पारंपरिक कहानी वाचन में अनाया प्रज्ञा मिश्रा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं दृश्य कला में सृष्टि एवं इकरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।इसी क्रम में उत्कर्ष पब्लिक इंटर कॉलेज, बछरावां की खुशी शाक्य ने एकल दृश्य कला में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की गायन, वादन एवं नृत्य विधा की छात्राओं ने संगीत शिक्षिका आकांक्षा सिंह के निर्देशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मंडल स्तर पर स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं की इस उपलब्धि पर जनपद नोडल प्रधानाचार्या डॉ. स्मिता मिश्रा ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं की सफलता में उपप्रधानाचार्या सुमन सिंह एवं सुनीता सिंह, नोडल शिक्षिका सीमा सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
मंडल स्तर पर रायबरेली की छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालयों में खुशी का माहौल है।

एक टिप्पणी भेजें