जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित कराने के दिए निर्देश
इंडियन भास्कर 24
ब्यूरो चीफ आशीष कुमार गौतम
प्रतापगढ़, 27 अक्टूबर। जनपद के जरूरतमंदों को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 01 नवंबर 2026 को तुलसीसदन (हादीहाल), प्रतापगढ़ में मेगा विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग की अध्यक्षता में न्यायालय सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए शिविर को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला जज ने कहा कि शिविर के माध्यम से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देने के साथ ही सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसमें दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पात्र वर्गों को प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन और पंजीकरण कराकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।विभागीय स्टॉल लगाकर दी जाएगी योजनाओं की जानकारी जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभ की जानकारी दें। पहले से चिन्हित लाभार्थियों को शिविर में आमंत्रित कर उन्हें लाभान्वित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर का प्रमुख उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों और जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा शिविर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर एडीजे जितेन्द्र कुमार द्विवेदी, सीजेएम कुमुद उपाध्याय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शांभवी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रेमचन्द मौर्य, डीएफओ आशुतोष गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

إرسال تعليق