कटरा गुलाब सिंह, प्रतापगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित मांधाता ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अमर जनता इंटर कॉलेज, कटरा गुलाब सिंह की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं ने ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
मांधाता ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में भाषण प्रतियोगिता में कुमकुम मिश्रा ने प्रथम स्थान, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में नंदनी साहू ने द्वितीय स्थान तथा चित्रकला प्रतियोगिता में कृष्णा शुक्ला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुमकुम मिश्रा, नंदनी साहू एवं कृष्णा शुक्ला तीनों छात्राएं आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. स्निग्धा पांडेय, प्रबंधक पवन कुमार सिंह, उपप्रधानाचार्य राम शिरोमणि एवं कलाध्यापक राकेश कुमार वर्मा ने छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।
प्रधानाचार्य डॉ. स्निग्धा पांडेय ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, ज्ञान और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करती हैं। उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

एक टिप्पणी भेजें