एम्पलीफायर, स्पीकर, मिक्सर, ट्वीटर समेत तीन मोबाइल भी बरामद,
जेठवारा,प्रतापगढ़। मान्धाता थाना क्षेत्र के हैंसी बाजार में इलेक्ट्रॉनिक दुकान का दरवाजा तोड़कर हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशांदेही पर चोरी किए गए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किया है। बरामद सामानो में एम्पलीफायर, स्पीकर, मिक्सर, ट्वीटर और डिस्ट्रीब्यूटर के साथ आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
थाना क्षेत्र की हैंसी बाजार में स्थित विपुल पटेल की इलेक्ट्रॉनिक दुकान का दरवाजा तोड़कर 26/27 सितम्बर की रात चोर अंदर घुसे थे और दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 134/2026 के तहत धारा 305/331(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया। मुखबिर से मिली सूचना पर सन्त निरंकारी आश्रम हैंसी के पास से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुपम पटेल पुत्र कृष्ण चन्द्र पटेल निवासी परसरामपुर, आदित्य यादव पुत्र राजकुमार यादव निवासी शोभीपुर तथा सौरभ पटेल पुत्र संजय कुमार पटेल निवासी परसरामपुर, थाना मान्धाता के रूप में की गई। अन्य साथियों की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें