Top News

वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए छात्राओं ने लिया संकल्प


 पट्टी।वन विभाग प्रतापगढ़ द्वारा गांधी जयंती 02 अक्टूबर से 08 अक्टूबर 2026 तक संचालित वन्य प्राणी सप्ताह के तहत सोमवार को पट्टी क्षेत्र के रायपुर रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में वन्यजीव एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड वाटर अवार्ड विजेता एवं पर्यावरण सेना प्रमुख ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी रहे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय वन अधिकारी राजदेव पाल ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज परिसर में पाकड़, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर किया गया। इसके बाद छात्राओं ने वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

मुख्य अतिथि अजय क्रांतिकारी ने छात्राओं को वन्यजीवों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन में वन्यजीवों की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और प्रकृति केवल जंगलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और पृथ्वी के संतुलन के लिए इनके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।

पर्यावरण सेना प्रमुख एवं वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो, भारत सरकार के वालंटियर अजय क्रांतिकारी ने छात्राओं को वन्यजीवों की रक्षा, पेड़-पौधों के संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण से बचाव तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए संकल्पित कराया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी राजदेव पाल ने वन्य प्राणी सप्ताह के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति,वन्यजीव एवं जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना रहा।

इस मौके पर प्रधानाचार्य कंचन मिश्रा ,राजकुमार,केशव प्रसाद,महेंद्र प्रताप,शीतला सिंह, मो.आरिफ,पूजा गुप्ता,पुष्पा देवी,विजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने
Indian Bhaskar 24
Indian Bhaskar 24

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume